नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विजयदशमी के इस पावन पर्व पर मैं प्रभु श्रीराम, माँ जानकी और बजरंग बली के चरणों में प्रणाम करता हूँ। इस पवित्र वातावरण में, मैं सभी देशवासियों को विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ।
मोदी ने कहा कि भारत का कोना-कोना राममय है। गाँव-गाँव, शहर-शहर रामलीला के रस में देश डूबा हुआ है। देशभर में रामलीलाओं का मंचन, प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवंत रखने की परंपरा, अत्याचार और आतंक के अंत का उद्घोष और असत्य पर सत्य सनातन की विजय का विश्वास, हमारे लिए ये केवल त्योहार नहीं है, ये भारत की प्राण ऊर्जा है।
उन्होने कहा कि इस देश ने, इसकी संस्कृति ने और इसके पूर्वजों ने हजारों वर्षों से प्रभु श्रीराम की उपासना की है। ये आस्था केवल इसलिए नहीं है कि, श्रीराम ने राक्षसराज रावण का अंत किया था। ये आस्था इसलिए भी है, क्योंकि प्रभु राम ने हमें ऐसे आदर्श दिये, जो मानवता के इतिहास में अतुलनीय है।
उन्होने कहा रामराज्य अर्थात् ऐसा शासन, जहां किसी के प्रति भेदभाव नहीं हो, जहां सबको न्याय मिले, जहां सबको समान अवसर मिलें, जहाँ सत्ता का उद्देश्य शासन करना नहीं, जन-कल्याण का हो। और इसलिए ही गोस्वामी तुलसीदास जी ने कहा था – ‘दैहिक दैविक भौतिक तापा। राम राज नहिं काहुहि ब्यापा॥’ यही मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का आदर्श है। इसलिए हमें हमेशा जनता को जनार्दन मानकर, नागरिक देवो भव के मंत्र पर आगे बढ़ना है। हमें गरीब, वंचित की सेवा को सर्वोपरि रखना है।




