नयी दिल्ली । राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि वैश्विक समस्याओं के समाधान, विभिन्न देशों में संसदीय समन्वय, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता, लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती, संसद एवं विधानसभाओं में सार्थक बहस और पक्ष-विपक्ष की जिम्मेदारी सहित विभिन्न विषयों पर ब्रिक्स सम्मेलन महत्वपूर्ण है।
देवनानी ने कल यहां आयोजित सम्मेलन में कहा कि ब्रिक्स देशों की संसदीय बैठक का विशेष महत्व है, क्योंकि इन देशों में विश्व की आधी आबादी निवास करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विश्व जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण, आतंकवाद और सह-अस्तित्व जैसी समस्याओं का सामना कर रहा है। इन विषयों पर विभिन्न देशों की संसदों के बीच समन्वय और सहयोग आवश्यक है, ताकि सभी देश मिलकर समस्याओं का समाधान निकाल सकें।
देवनानी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिप्रेक्ष्य में, जब विभिन्न देशों के बीच तनाव और क्षेत्रवाद जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं, तब मानव जीवन के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यह लोकतंत्र की जननी एवं आत्मा है। ऐसे में भारत की जिम्मेदारी बनती है कि वह वैश्विक समस्याओं के समाधान के लिए सभी देशों के साथ मिलकर प्रयास करे।




