जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जिला खैरथल-तिजारा की डीएसटी टीम में पदस्थापित आरोपी ब्रजेश, कांस्टेबल 210 एवं आरोपी ईश्वर सिंह, कांस्टेबल 333 को परिवादी से 2,00,000 रुपये (दो लाख रुपये) रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से रिश्वत राशि बरामद कर ली गई है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी अलवर प्रथम को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि डीएसटी प्रभारी गौरव एवं उनकी टीम के सदस्य श्री ब्रजेश तथा श्री ईश्वर सिंह सादे कपड़ों में परिवादी के कारखाने पर आए। आरोपियों ने कारखाने में लगे कैमरे हटवा दिए तथा परिवादी पर नकली कलाकंद बनाने का आरोप लगाते हुए खाद्य विभाग की टीम को बुलाया, जिसने माल के नमूने लिए।

परिवादी के अनुसार, इसके बाद आरोपी ब्रजेश ने कारखाने का माल नष्ट करवाने से बचाने तथा कारखाना सीज नहीं करवाने की एवज में एक-दो दिन में 1,00,000 रुपये देने की मांग की। वहीं, आरोपी ईश्वर सिंह ने परिवादी के परिचित अन्य व्यक्तियों से भी 50-50 हजार रुपये लेकर डीएसटी कार्यालय में आने के लिए कहा तथा ऐसा नहीं करने पर उनके कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई करने की धमकी दी। इस प्रकार आरोपियों द्वारा परिवादी एवं सहपरिवादीगण की फर्मों पर छापा नहीं डालने तथा तैयार माल नष्ट नहीं करवाने की एवज में रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा था।
ब्यूरों ने शिकायत का सत्यापन करवाने के बाद पुलिस अधीक्षक, जयपुर रेंज पीयूष दीक्षित,के सुपरविजन मे एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी शब्बीर खान, पुलिस उप अधीक्षक के नेतृत्व में कार्यवाही करते हुए ब्रजेश, कांस्टेबल 210 एवं आरोपी श्री ईश्वर सिंह, कांस्टेबल 333, डीएसटी टीम, जिला खैरथल-तिजारा को परिवादी से 2,00,000 रुपये (दो लाख रुपये) रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से रिश्वत राशि बरामद कर ली गई है।ब्यूरों मामले की जांच कर रहा है ।




