अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात के बनासकांठा में 30 अक्टूबर को सुबह करीब साढ़े 9 बजे एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (ईटी-आईवीएफ) प्रयोगशाला और भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (बीआरसी) मवेशी फार्म का दौरा करेंगे।
मोदी बनासकांठा में 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। वह पीएम-किसान योजना के तहत 19,000 करोड़ रुपये की 24वीं किस्त भी जारी करेंगे, दो ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे और जनसमूह को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सुबह करीब 9:15 बजे वे एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वह एकता नगर में वर्षा वन और वामन वृक्ष वाटिका का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री शाम करीब 5:30 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेंगे।




