भरतपुर। वैर थाना इलाके में भौंडा गांव में खनन पर आवाजाही के रास्ते को लेकर लंबे समय से चल विवाद में कल हुए खूनी संघर्ष में हमलावरों ने भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक अतर सिंह भडाना की लाठी पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी ।खूनी संघर्ष में भडाना के सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गया ।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भडाना के पक्ष के लोगों औार ग्रामीणों के बीच आपसी कहासुनी के बाद उत्तेजित हमलावरों ने अतर सिंह भडाना और उनके सुरक्षाकर्मी पर पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया । सूचना पर मौके पर पंहुची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद सवाई मान सिंह अस्पताल जयपुर रेफर कर दिया ।उपचार के दौरान भडाना ने दम तोड दिया ।पुलिस मामले की जांच कर रहीं है ।
इधर, पूर्व मुख्यमंत्रीअशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में भाजपा के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या हो गई। यह राजस्थान में कानून-व्यवस्था के पूरी तरह चरमरा जाने का सबूत है। जब एक पूर्व विधायक को दिनदहाड़े 70-80 लोग घेरकर मार दें, तो आम आदमी का तो राम ही रखवाला है इस राज में।

गहलोत ने लिखा है कि खबरों के अनुसार यह विवाद करीब दो साल से चल रहा था। दो साल तक पुलिस और प्रशासन क्या करता रहा? जब चेतावनी साफ थी, तब कार्रवाई क्यों नहीं हुई? यह हत्या पुलिस-प्रशासन की नाकामी का नतीजा है। जिस सरकार में अपने ही पूर्व विधायक सुरक्षित नहीं, वह जनता को सुरक्षा का भरोसा कैसे दे सकती है?




