जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए कहा कि राजनीति में नेताओं का आचरण आदर्श, मर्यादित और जिम्मेदार होना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष का पद अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इस पद पर बैठे व्यक्ति के व्यवहार में भी गरिमा और गंभीरता दिखाई देनी चाहिए।
राठौड ने आज यहां पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि विपक्ष के नेताओं का आचरण लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप होना चाहिए, लेकिन वर्तमान में कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी और व्यवहार का स्तर लगातार गिरता दिखाई दे रहा है। हम भी वर्षों विपक्ष में रहे है विपक्ष के नेता लोकतंत्र में मापदंड बनाते रहे है और आज जिस तरह लोकतांत्रित मर्यादाएं तार तार की जा रही है, वह राष्ट्र के लिए खतरा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हे अपने राजनीतिक अनुभव का उपयोग अपने नेताओं को सही सलाह देने में करना चाहिए। यदि कोई नेता गलत व्यवहार करता है, तो उसका समर्थन करने के बजाय उसे अपनी गलती स्वीकार करने और उसमें सुधार करने की सलाह देनी चाहिए। गलत आचरण का समर्थन करने से संबंधित व्यक्ति की गलतियां बढ़ती हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचता है।




