जयपुर। दूरदर्शन जयपुर के प्रथम समाचार संपादक एम.आर. सिंघवी का स्वर्गवास हो गया ।भारतीय सूचना सेवा के वरिष्ठ अधिकारी रहे एम. आर. सिंघवी, जिन्होंने भारत सरकार की विभिन्न मीडिया इकाइयों में लगभग 40 साल तक वरिष्ठतम पदों पर अपनी सेवाएं दी,
हिंदी पत्रकारिता और प्रसारण जगत में अपने उल्लेखनीय योगदान के लिए जाने जाते हैं। 90 वर्ष की आयु में वे वर्तमान में हृदय संबंधी बीमारी से अस्वस्थ थे। सिंघवी पाली जिले के सोजत सिटी में जन्मे।अपने सेवाकाल में दिल्ली स्थित रिसर्च पब्लिकेशन विंग में क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी, आकाशवाणी, जयपुर में समाचार संपादक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। उनका कार्यक्षेत्र सरकारी सूचना, जनसंपर्क और समाचार प्रसारण से जुड़ा रहा, जिसमें उन्होंने समर्पण, अनुशासन और व्यावसायिक प्रतिबद्धता के साथ योगदान दिया।उनकी प्रमुख उपलब्धियों में दूरदर्शन केंद्र,जयपुर के संस्थापक समाचार संपादक के रूप में भूमिका विशेष रूप । से उल्लेखनीय है। दूरदर्शन जयपुर का समाचार बुलेटिन 1990 में प्रारंभ हुआ। उन्होंने इस आरंभिक दौर में समाचार व्यवस्था को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाद में वे दूरदर्शन, जयपुर में निदेशक(समाचार) पद से सेवानिवृत्त हुए।
पत्रकारिता जनसंचार के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए भारत के राष्ट्रपति द्वारा पत्रकारिता पुरस्कार तथा राजस्थान के राज्यपाल द्वारा ‘राजस्थान पत्रकारिता गौरव’ सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, विभिन्न संस्थाओं ने उन्हें अनेक पुरस्कारों और प्रशस्तियों से सम्मानित किया। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के मद्देनज़र तत्कालीन सरकारों द्वारा उन्हें दो बार सेवाविस्तार प्रदान किया गया,जो उनके अनुभव और कार्यकुशलता का प्रमाण है।
स्व एम. आर. सिंघवी के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके एक पुत्र रूपेश सिंघवी भारतीय रेल लेखा सेवा के अधिकारी हैं और उत्तर पश्चिम रेलवे में वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनके ज्येष्ठ पुत्र भूपेश सिंघवी भी पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं।




