जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी इकाई बांसवाड़ा द्वारा आज ट्रेप कार्यवाही करते हुए ग्लोबल बीएड कॉलेज, बड़ोदिया, बांसवाड़ा के आरोपी भूपेन्द्र जैन, अध्यापक रसायन विज्ञान को सहपरिवादी से 5,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, रिश्वत मांग सत्यापन में मुख्य भूमिका पाए जाने पर कॉलेज के निदेशक सिद्धांत जैन एवं व्याख्याता राजनीति विज्ञान श्रीमती सुनीता जैन को भी गिरफ्तार किया गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कि एसीबी बांसवाड़ा इकाई को शिकायत प्राप्त हुई कि ग्लोबल बीएड कॉलेज, बड़ोदिया में अध्ययनरत परिवादी एवं सहपरिवादी विद्यार्थियों से उपस्थिति कम होने के बावजूद पूरे वर्ष सहयोग करने तथा इंटर्नशिप के रिलीविंग लेटर जारी करने की एवज में कॉलेज के निदेशक, व्याख्याता एवं अध्यापक द्वारा रिश्वत राशि की मांग की जा रही है।
शिकायत का सत्यापन के दौरान आरोपी सिद्धांत जैन, निदेशक, श्रीमती सुनीता जैन, व्याख्याता राजनीति विज्ञान एवं भूपेन्द्र जैन, अध्यापक रसायन विज्ञान द्वारा प्रत्येक विद्यार्थी से 20,000 रुपये रिश्वत राशि की मांग करना तथा रिश्वत राशि लेने की सहमति व्यक्त करना पाया गया।
एसीबी उदयपुर रेंज के प्रभारी पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में एसीबी बांसवाड़ा के पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में आज मय टीम ट्रेप कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान आरोपी भूपेन्द्र जैन, अध्यापक रसायन विज्ञान, ग्लोबल बीएड कॉलेज, बड़ोदिया, बांसवाड़ा को सहपरिवादी से 5,000 रुपये की रिश्वत राशि अपने हाथों से ग्रहण करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, रिश्वत मांग सत्यापन में मुख्य भूमिका पाए जाने पर आरोपी सिद्धांत जैन, निदेशक एवं आरोपिया श्रीमती सुनीता जैन, व्याख्याता राजनीति विज्ञान को भी गिरफ्तार किया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।




