जयपुर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित गांव ही विकसित राजस्थान और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि गांवों में रहने वाले प्रत्येक परिवार तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और ग्रामीण नागरिकों को बेहतर सुविधाओं के लिए शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत 2047 का संकल्प ग्राम विकास के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि ग्राम के विकास के बिना भारत का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज में भाजपा के कार्यकर्ताओं का निर्वाचन ना केवल ग्रामीण विकास को गति देगा, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को भी साकार करेगा। इसलिए भाजपा ने ग्राम संकल्प पत्र जारी कर अपनी मंशा और प्रतिबद्धता जाहिर की है।




