जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि जब आपकी सरकार,आपके मुख्यमंत्री कार्यालय और उसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों पर सवाल उठ रहे हों,तो स्वाभाविक रूप से जवाबदेही भी आपकी बनती है।
डोटासरा ने आज कहा कि यह अच्छी बात है कि आरोपों के बाद कार्रवाई होती दिखाई दे रही है। लेकिन सवाल यह भी है कि इस कार्रवाई का अंतिम परिणाम क्या होगा और क्या वास्तव में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होकर जिम्मेदारी तय होगी? उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लेकर मुख्यमंत्री की भाषा और उनके द्वारा लगाए गए व्यक्तिगत आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ आपके पास इतने गंभीर आरोपों से जुड़े तथ्य और प्रमाण थे, तो तीन साल तक आप मौन क्यों रहे? आज ही इन आरोपों को सार्वजनिक करने की आवश्यकता क्यों महसूस हुई?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि जब सवालों की आंच आपके अपने कार्यालय और आपकी जवाबदेही तक पहुंचने लगी, तो चर्चा का रुख मोड़ने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री पर नए आरोपों की झड़ी लगा दी गई?यदि आपके आरोपों में कोई सच्चाई है, तो आपके पास सत्ता है, सरकार है और पूरी प्रशासनिक मशीनरी है। तथ्यों और प्रमाणों के साथ उन्हें सार्वजनिक कीजिए और कानून के अनुसार कार्रवाई कीजिए। लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणियां और बिना प्रमाण के आरोप लगाकर अपनी सरकार तथा अपने कार्यालय से जुड़े सवालों से बचा नहीं जा सकता।
डोटासरा आला नौकरशाह मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ रहे शिख्रर अग्रवाल पर अपने परिवार के नाम पर सम्पति का खुलासा होने को लेकर मुख्यमंत्री पर प्रहार किए ।




